Monday, 19 December 2011

सारा माल लूटकर सरकार कहती है मुसलमान दलितों से भी पिछडे़ हैं


भारत पर मुसलमानों ने लगभग 800 सालों तक शासन किया. इस दौरान कहीं पर उन्होंने क़िले बनवाए तो कहीं सरायख़ाने, कहीं मस्जिदें बनवाईं तो कहीं बाव़िडयां. इन मुस्लिम बादशाहों की गंगा-जमुनी तहज़ीब से भला कौन वाक़िफ़ नहीं है. भारत में जहां एक ओर अदल जहांगीरी मशहूर है, वहीं दूसरी ओर अकबर की प्रतिष्ठा का सभी लोहा मानते हैं और दारा शिकोह की दूरदर्शिता एवं बुद्धिमानी के चर्चे भी प्रसिद्ध हैं. इन लोगों ने दुनिया भर की दौलत अपने लिए बटोरी. उनके द्वारा छोड़ी गई दौलत सरकार ने पुरातत्व विभाग के हवाले कर दी या फिर अवसर मिला तो उसे ख़ुद ही हड़प लिया अथवा औरों के हाथों लुटवा दिया. नतीजतन मुग़लिया वंश की कोई बहू कोलकाता रेलवे स्टेशन पर चाय बेचकर अपनी ज़िंदगी गुज़ार रही है या फिर इस वंश से संबंध रखने वाले लोग भीख मांगकर अपनी ज़िंदगी गुज़ारने पर मजबूर हैं. कोई उनकी ख़बर लेने वाला नहीं है. क्या इन मुस्लिम शासकों ने ताज महल, लाल क़िला, मोती महल, दीवाने-ए-आम, दीवान-ए-ख़ास और न जाने किन-किन नामों से भवनों के निर्माण इसलिए कराए थे कि उनके वारिस दर-दर की ठोकरें खाते फिरेंगे और उन्हें सिर छिपाने की जगह नहीं मिलेगी. क्या दिल्ली के लाल क़िले में औरंगज़ेब द्वारा संगमरमर से बनवाई गई ख़ूबसूरत मोती मस्जिद का निर्माण इसलिए हुआ था कि एक ज़माने के बाद इसमें ताला लगा दिया जाएगा और मुसलमानों को इसमें नमाज़ पढ़ने तक की अनुमति नहीं होगी? पुरातत्व विभाग की निगरानी वाली देश की सभी मस्जिदों का यही हाल है.
अगर केवल दिल्ली की बात की जाए तो यहां वक़्फ़ की इतनी संपत्तियां हैं कि अगर वे मुसलमानों को वापस कर दी जाएं तो उनकी हालत में का़फी सुधार हो सकता है. राष्ट्रपति भवन की भूमि वक़्फ़ के नाम से है, प्रधानमंत्री का निवास वक़्फ़ की भूमि पर बना हुआ है, राष्ट्रीय संग्रहालय का निर्माण वक़्फ़ भूमि पर है और न जाने कितनी प्रसिद्ध धरोहरें हैं, जिन पर देश की प्रतिष्ठित हस्तियां आबाद हैं. सराय काले ख़ां के पास अभी हाल में शीला दीक्षित सरकार द्वारा दिल्ली के सबसे बड़े मिलेनियम पार्क का निर्माण किया गया है, वह ज़मीन कभी क़ब्रिस्तान की थी, जिस पर डीडीए ने अवैध क़ब्ज़ा कर लिया. अब हाल यह है कि दिल्ली की अधिकतर जगहों पर मुसलमानों को अपने मुर्दों को दफ़नाने के लिए जगह कम पड़ रही है. ओखला में दिल्ली की एक बड़ी मुस्लिम आबादी रहती है, लेकिन शाहीन बाग़ और अबुल फ़ज़ल इन्क्लेव में मुसलमानों के पास क़ब्रिस्तान का कोई प्रबंध नहीं है. यही हाल मालवीय नगर का है, जहां के मुस्लिम क़ब्रिस्तान पर डीडीए ने अवैध क़ब्ज़ा कर रखा है.
अंग्रेज़ों को भारत में शुरू में सबसे अधिक मुसलमानों की ओर से प्रतिरोध का सामना करना पड़ा, क्योंकि जिस समय अंग्रेज़ भारत आए, उस समय भारत पर मुसलमानों का शासन था. लिहाज़ा अंग्रेज़ों ने जब भारत की बागडोर अपने हाथों में ले ली, तो उन्होंने मुसलमानों को तरह-तरह से परेशान करना शुरू किया. इसके लिए उन्होंने भूमि बहाली अधिनियम पास करके वक़्फ़ की उन जमीनों से टैक्स वसूलना शुरू कर दिया, जिन पर पहले टैक्स नहीं लगता था. इस प्रकार केवल बंगाल में उन ज़मीनों से 1.1 मिलियन पाउंड की वसूली हुई, जिन पर पहले टैक्स नहीं लगता था. इनमें से अधिकतर ज़मीनें मुस्लिम संगठनों के प्रयोग में थीं, लेकिन अंग्रेज़ों की नीति के कारण सैकड़ों मुस्लिम परिवार तबाह हो गए और उनके शैक्षणिक प्रबंध पर सबसे गहरा असर हुआ, क्योंकि उन्हीं संपत्तियों से मदद मिलती थी. भारत के विभिन्न राज्यों और संघ क्षेत्रों में 4.9 लाख से अधिक रजिस्टर्ड वक़्फ़ संपत्तियां हैं. मसलन पश्चिम बंगाल में सबसे ज़्यादा 1,48,200 वक़्फ़ संपत्तियां हैं. इसके बाद केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश का नंबर आता है. पूरे भारत में वक़्फ़ द्वारा अधिग्रहीत भूमि 6 लाख एकड़ है, जिसका किताबी मूल्य 6,000 करोड़ रुपये है
(यह अनुमान आधी सदी पूर्व का है), लेकिन इसकी बाज़ार में की़मत कई गुना अधिक हो सकती है. वर्तमान में बाज़ार के हिसाब से इन संपत्तियों की क़ीमत 1.2 लाख करोड़ रुपये या 12,000 बिलियन डॉलर है. मिसाल के तौर पर केवल दिल्ली में वक़्फ़ की जितनी संपत्तियां हैं, उनकी वर्तमान बाज़ारी क़ीमत 6,000 करोड़ से अधिक है. लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि पूरे भारत में फैली वक़्फ़ की कुल संपत्तियों से वार्षिक आय केवल 163 करोड़ रुपये हो रही है, आख़िर क्यों? वसूली केवल 2.7 प्रतिशत हो पा रही है. अब वक़्फ़ संपत्तियों से जितनी वार्षिक आय होती है, उससे वक़्फ़ बोर्ड को अपनी प्रबंध व्यवस्था चलाने के लिए 7 प्रतिशत राशि दी जाती है. शेष 93 प्रतिशत राशि के बारे में आदेश है कि उन्हें अन्य जरूरी मदों पर ख़र्च किया जाना चाहिए. जैसे,
शैक्षणिक संस्थान, छात्रावास, पुस्तकालय, क्रीड़ास्थलों का निर्माण, उनकी देखभाल एवं विकास, छात्रवृत्ति जारी करना, ताकि शिक्षा को विकसित किया जा सके.
सांप्रदायिक दंगों और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों समेत सभी ग़रीबों को चिकित्सा और आर्थिक मदद देना.
मुस्लिम क़ौम के इस्तेमाल के लिए मुसाफिरख़ानों और शादीघरों का निर्माण.
मस्जिदों, दरगाहों एवं क़ब्रिस्तानों का प्रबंध, तलाक़शुदा महिलाओं के भत्ते का प्रबंध.
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक़ इमामों और मुअज़्ज़िन के वेतन का भुगतान.
लेकिन कुछ को छोड़कर वक़्फ़ बोर्ड के अधिकतर उद्देश्यों को अब तक हासिल नहीं किया जा सका है. इसके लिए सरकार और वक़्फ़ बोर्ड के कर्मचारी ज़िम्मेदार हैं. सरकार ने भी अपनी ओर से मुसलमानों को परेशान करने के लिए तमाम हथकंडे इस्तेमाल किए हैं. अब मुसलमानों के एक वर्ग की ओर से यह मांग बढ़ती जा रही है कि यूपीएससी की तर्ज़ पर इंडियन वक़्फ़ सर्विसेज़ कमीशन गठित किया जाए, ताकि उसके द्वारा मुसलमानों के बीच से ऐसे शिक्षित लोगों का चयन किया जा सके, जो एक आईएएस अधिकारी की तरह वक़्फ़ संपत्तियों के प्रबंधन को बेहतर ढंग से चला सकें और वक़्फ़ की सभी संपत्तियों को अवैध क़ब्ज़ों से मुक्त करा सकें, लेकिन यूपीए सरकार के नए क़ानून मंत्री सलमान ख़ुर्शीद मुसलमानों की इस बात को मानने के लिए तैयार नहीं हैं.
दिल्ली की दरगाहों पर अवैध क़ब्ज़े
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ऐसे सैकड़ों औलिया-ए-कराम की दरगाहें हैं, जिन्होंने लोगों में भाईचारे और सद्भाव की भावना पैदा की और उन्हें मानवता का पाठ पढ़ाया. उन्होंने म़ज़हब, जाति, रंग और नस्ल के किसी भेदभाव को कभी सामने नहीं रखा. इन दरगाहों के इर्द-गिर्द कई ऐसी ज़मीनें थीं, जो नेक और दरगाहों से जुड़े लोगों की संपत्तियां थीं, लेकिन बाद में उन पर अवैध क़ब्ज़ा कर लिया गया. दरगाहों की ज़मीनों पर अधिकतर क़ब्ज़े उन हिंदू शरणार्थियों द्वारा किए गए, जो 1947 में भारत विभाजन के बाद पाकिस्तान से पलायन करके दिल्ली पहुंचे थे. इसके अलावा हिंदू महासभा और विश्व हिंदू परिषद जैसे कट्टरपंथी संगठनों ने भी वक़्फ़ की अधिकतर संपत्तियों पर अपना अवैध क़ब्ज़ा जमा रखा है. मुसलमान तो बेबस हैं, क्योंकि उनमें न तो इन कट्टरपंथी संगठनों से लड़ने की शक्ति है और न सरकार ने सच्चे दिल से कभी उनका साथ दिया.
ख्वाजा क़ुतुबुद्दीन बख्तियार काकी से भला कौन वाक़िफ़ नहीं है. क़ुतुब मीनार के रूप में आज भी उनकी यादगार दिल्ली के महरौली क्षेत्र में मौजूद है. इस इलाक़े में उनकी दरगाह भी मौजूद है, लेकिन 1947 में देश विभाजन के बाद इस दरगाह का संरक्षक कोई नहीं रहा. इस पर पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों ने क़ब्ज़ा कर लिया. 1948 में महात्मा गांधी, मौलाना आज़ाद और पंडित जवाहर लाल नेहरू के हस्तक्षेप से इस दरगाह को अवैध क़ब्ज़ों से मुक्त कराया गया. इसी तरह पुराने क़िले के समीप ककांगर के एनडीएमसी प्राइमरी स्कूल के क़रीब सन्‌ 1245 में बनी बीबी फ़ातिमा साहिब (चिश्ती) की दरगाह है. इस दरगाह के चारों ओर 5000 गज़ से अधिक ज़मीन ख़ाली पड़ी है, जिस पर अब सरकारी स्कूल की तऱफ से क़ब्ज़ा करने की कोशिश की जा रही है. इसके अलावा दरगाह के उत्तरी भाग में 100 गज़ ज़मीन पर फूलों की एक नर्सरी भी चल रही है.
प्रगति मैदान के पास पुराना क़िला रोड पर शेख़ अबुबकर तूसी हैदरी क़लंदर उर्फ़ मटका पीर की दरगाह एक ऊंचे टीले पर है. यहां के सज्जादानशीं ने बताया कि इस दरगाह की कुल 20 बीघा ज़मीन थी, जो क़ब्रिस्तान के नाम पर थी. 1971 में डीडीए ने उस पर क़ब्ज़ा कर लिया और उसे एक पार्क की शक्ल दे दी.
दिल्ली के नबी करीम, पहाड़गंज में सन्‌ 1376 में बनी दरगाह क़दम शरीफ़ और दरगाहे मख़दूम जहांनयान-ए-जहां गश्त (सहरवर्दी) है. किताबों में कहा गया है कि इस दरगाह में एक पत्थर लगा है, जिस पर पैग़ंबर इस्लाम सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के पवित्र क़दमों के निशान हैं. इस पवित्र क़दमों के पत्थर को शेख़ मख़दूम जहांनयान-ए-गश्त फिरोज़शाह तुग़लक़ के शासन में अपने सिर पर रखकर यहां लाए थे, लेकिन इस दरगाह पर 1947 के विभाजन के बाद पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों ने क़ब्ज़ा कर लिया और इसके विशाल परिसर में मकानों का निर्माण कर लिया. अब इसके अंदर ही बने भवनों का कोई पता नहीं है. उनके ऊपर भी घरों का निर्माण कर लिया गया है. केवल क़दम शरीफ़ की विशेष इमारत अभी सुरक्षित है, जिसे 1951 में अदालत ने दरगाह के सज्जादानशीं पीरजी सलीमुद्दीन को वापस दिलवा दिया था, जिसका गुरुद्वारे के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है और यहां से क़दम शरीफ़ का पत्थर उखाड़ कर फेंक दिया गया.
केलोखरी स्थित दरगाहे सैयद महमूद बहार की भी यही कहानी है. इस दरगाह का एक बहुत बड़ा क़ब्रिस्तान है. दिल्ली नगर निगम ने 16 नवंबर, 1978 को इसे क़ब्रिस्तान के रूप में इस्तेमाल करने पर पाबंदी लगा दी थी. दरगाह के प्रबंधक फ़तहुद्दीन ने कुछ लोगों के साथ मिलकर 1990 में इस पाबंदी के ख़िलाफ़ अदालत में याचिका दायर की और इसके बाद फ़तहुद्दीन ने समझौता करते हुए 100 गज़ ज़मीन इन लोगों के नाम कर दी. इसके बाद 1992 में डालचंद नामकएक व्यक्ति ने याचिका दायर करके 250 गज़ ज़मीन पर दावा किया. दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक मामलों के विभाग के चेयरमैन अब्दुल वासे सलमानी ने हाईकोर्ट में याचिका दायर करके नोटिस जारी कराया कि क़ब्रिस्तान की ज़मीन पर अवैध रूप से बहुमंज़िला इमारत खड़ी की जा रही है, लिहाज़ा उस पर रोक लगाई जाए और ज़मीन मुस्लिम समाज को सौंपी जाए, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक निर्णय नहीं लिया जा सका.
शेख़ अलाउद्दीन चिश्ती (1467-1541) की दरगाह मालवीय नगर, शेख़ सराय के सावित्री नगर में मकान नंबर 220 के समीप स्थित है. पहले दरगाह का एक बहुत बड़ा परिसर हुआ करता था, लेकिन अब शेख़ अलाउद्दीन के मक़बरे और इससे सटे किसी अज्ञात सूफ़ी बुज़ुर्ग के मक़बरे के अलावा कुछ भी बाक़ी नहीं बचा है. चाहरदीवारी वाले इस विशाल परिसर में स्थित अन्य इमारतें और बेशुमार पक्की क़ब्रें बर्बाद कर दी गईं. इस पर मकान बना लिए गए हैं. शेख़ अलाउद्दीन की दरगाह के अंदर दुकान चल रही है और इससे सटे उनके ख़ानदान के मशहूर ब़ुजुर्ग शेख़ फ़ख़्र के मक़बरे के गुंबद के नीचे एक क़ब्र मौजूद थी, लेकिन अब यहां फर्नीचर का कारखाना चल रहा है. यहां अक़ीदतमंद आते हैं, लेकिन उन्हें दरगाह के अंदर दाख़िल नहीं होने दिया जाता, डरा-धमका कर भगा दिया जाता है.
कनॉट प्लेस से एक किलोमीटर आगे कोइयां रोड पर नेत्रहीनों के स्कूल के पास सैयद हुसैन नुमा की दरगाह है, जिसका निर्माण 1691 में औरंगज़ेब के दौर में हुआ था. अंदर से यह दरगाह बहुत साफ़-सुथरी है, लेकिन इसका बाहरी हिस्सा जो चारों ओर से घिरा हुआ है, उसमें 20 से भी अधिक मुस्लिम परिवार रहते हैं. दरगाह परिसर में ही क़ब्रिस्तान है, जहां विभिन्न सूफ़ी बुजुर्गों की क़ब्रें मौजूद हैं, जो जर्जर हालत में हैं. छोटी-छोटी दरगाहों को लोग निवास के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं. बेशुमार पक्की क़ब्रें बिखरी पड़ी हैं. इसके बहुत बड़े हिस्से पर डीडीए का क़ब्ज़ा है, जिसे पार्क बना दिया गया है. इसी ज़मीन पर नेत्रहीनों के लिए एक स्कूल खोला गया है. बड़े-बड़े उद्योगपतियों ने यहां अपने कार्यालय और गैराज खोल रखे हैं.
क़रोल बाग़ के मशहूर हनुमान मंदिर के पीछे भोली भटयारी लिंक रोड पर हज़रत ख़ुदानुमा चिश्ती की दरगाह है, जिसे 1694 में बनवाया गया था. इस दरगाह की निगरानी एक कमेटी करती है, जिसके मुतवल्ली रईसुद्दीन हैं. उनके मुताबिक, इस दरगाह की ज़मीन साढ़े चार बीघा है, जिस पर डीडीए ने क़ब्ज़ा कर रखा है. मुक़दमा जीतने के बाद भी डीडीए ज़मीन ख़ाली नहीं कर रहा है. उसका कहना है कि उसने एक लाख रुपये के पेड़ लगाए हैं, जिसका भुगतान करने के बाद ही वह जमीन पर क़ब्ज़ा देगा. अब समस्या यह है कि सोसायटी के पास इतने पैसे नहीं हैं.
सफ़दरजंग के मक़बरे के समीप पूर्व की ओर जोरबाग़ रोड है और उसके पूर्व में कर्बला रोड है. कर्बला रोड जहां ख़त्म होती है, वहीं दरगाह शाह-ए-मरदां है. 18वीं सदी में बनी दरगाह शाह-ए-मरदां का एक महत्वपूर्ण स्थान है. इसका कारण यह है कि इस जगह पर मुसलमानों के चौथे ख़लीफ़ा हज़रत अली के क़दमों के निशान एक पत्थर पर हैं. दूसरी ओर इसी जगह पर पैग़ंबर इस्लाम हज़रत मोहम्मद की पुत्री बीबी फ़ातिमा का प्याला, जो पत्थर का है, एक वज्र में रखकर सुरक्षित किया गया है. यह बीबी फ़ातिमा की चक्की के नाम से मशहूर है. मुग़लिया दौर के अंत में दरगाह शाह-ए-मरदां में विभिन्न निर्माण कार्य कराए गए. देश विभाजन के बाद यहां आए शरणार्थियों ने इन पर क़ब्ज़ा करते हुए चाहरदीवारी तोड़ दी और अपने घर बना लिए.

   

Saturday, 17 December 2011

मुस्लिम समाज का दर्द


बिहार में आश्चर्यजनक चीजें होती हैं. मुसलमानों की समस्याओं पर सेमिनार हो, वक्ता राजनीतिक दलों के नेता और सामाजिक कार्यकर्ता हों और कोई आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद की बात न करे, अगर कोई संघ परिवार और बजरंग दल को दोषी और अपराधी न बताए, अगर बाबरी मस्जिद का मुद्दा न उठे, अगर कोई भावनात्मक भाषण न दे, अगर मौलाना और मौलवी इस्लाम पर आने वाले खतरे को छोड़, शिक्षा और नौकरी की बातें करने लगें, तो हैरानी होती है. होनी भी चाहिए. आश्चर्य होने की वजह संघ परिवार का नाम न लिया जाना नहीं है. आश्चर्य तो इस बात का है कि अपने तीसरे सेमिनार में ही ईटीवी ने पूरी दुनिया के सामने मुस्लिम समाज के बदलते स्वरूप को बड़ी सफाई से रख दिया.

“मुस्लिम समाज बदल रहा है. कम से कम राजनीतिक चेतना के स्तर पर यह बदलाव तो दिख ही रहा है. पहले बिहार, फिर पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम यही बताते हैं. अल्पसंख्यक समाज का सत्ताधारी दल से मोहभंग हुआ और बिहार से लालू यादव और पश्चिम बंगाल से 34 साल पुरानी वामपंथी सत्ता का सफाया हो गया. लेकिन अभी भी मुस्लिम समाज अपनी सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक दुर्दशा से लड़ रहा है. शुभ संकेत यह है कि अब खुलकर इन समस्याओं पर बात हो रही है, राष्ट्रीय स्तर पर खुली बहस हो रही है. मुस्लिम समाज के लोग अब मंदिर-मस्जिद जैसे भावनात्मक मुद्दों की जगह शिक्षा, रोजगार और राजनीति में अपनी भागीदारी जैसे असल मुद्दों पर बात कर रहे हैं.”
मुसलमानों की चुनौतियां क्या हैं, इस विषय पर पटना के रवींद्र भवन में एक सेमिनार हुआ. इसमें देश भर से नेता, पत्रकार और मौलवी शामिल हुए. इस सेमिनार को ईटीवी उर्दू ने आयोजित किया. ईटीवी देश के अलग-अलग शहरों में मुसलमानों की चुनौतियों को लेकर सेमिनार करा रही है. पटना से पहले जयपुर और मुंबई में ऐसे ही सेमिनार हो चुके हैं. पटना के सेमिनार की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के नेता और बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने की. इस सेमिनार के मुख्य अतिथि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार थे. इस सेमिनार में रामविलास पासवान भी थे और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अब्दुल बारी सिद्दीकी ने भी अपनी बात रखी. सेमिनार में बिहार के मुस्लिम समाज के जाने-माने लोग मौजूद थे. साथ ही इस कार्यक्रम को ईटीवी के सभी हिंदी और उर्दू चैनलों पर लाइव दिखाया गया. इस सेमिनार के जरिए मुस्लिम समाज ने साफ संदेश दिया कि अब कोई झांसा देकर मुसलमानों के वोट नहीं ले सकता. संघ और भाजपा का डर दिखाकर कोई वोट नहीं ले सकता. जो मुसलमानों की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए काम करेगी, वही पार्टी मुसलमानों के समर्थन की हकदार होगी.
इस सेमिनार की शुरुआत बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अब्दुल बारी सिद्दीकी ने की. वैसे मुसलमानों में उनकी काफी इज़्ज़त है, लेकिन ऐसे मौके पर उनके पास कुछ बोलने को नहीं था, क्योंकि पंद्रह सालों के लालू राज में मुसलमानों का सबसे ज़्यादा नुकसान हुआ. हजरत मौलाना निजामुद्दीन ने कहा कि बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक तो राजनेताओं के लिए एक औजार हैं, जिससे वे राजनीति करते हैं. उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में मुसलमानों की संख्या कम है. इसके लिए उन्होंने स्टेज पर बैठे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी सलाह दे डाली कि वह ऐसे मुसलमान नेताओं से घिरे हैं, जो चमचागीरी में लगे हैं. ऐसे लोग मुसलमानों में कोई असर नहीं रखते हैं. जो लोग मुस्लिम समाज में काम करते हैं, सरकार को उनकी बातों पर गौर करना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में जनसंख्या के मुताबिक मुसलमानों को नौकरी मिले, इसके लिए हर बच्चे और बच्चियों को तालीम की ज़रूरत है.
एजाज़ अली ने मुस्लिम समुदाय के अंदर मौजूद अलग-अलग वर्गों का विश्लेषण किया. उन्होंने कहा कि गरीब मुसलमानों की चुनौतियां अलग हैं और अमीर मुसलमानों की चुनौतियां अलग हैं. उन्होंने यह दलील दी कि आज मुसलमानों की हालत दलितों से भी खराब है, इसलिए मुसलमानों को भी दलितों की तरह ही सहूलियतें दी जाएं.

Thursday, 15 December 2011

मुस्लिम आरक्षण का मायाजाल

हाल ही में जमीयत उलमा-ए-हिंद के नेतृत्व में कई मुस्लिम संगठनों का एक प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने दोनों को अपनी लंबी-चौड़ी मांगों का पुलिंदा सौंपा. प्रमुख मांग मुसलमानों को आरक्षण देने की है. साथ ही इसमें रंगनाथ मिश्र आयोग की स़िफारिशें लागू करने की मांग भी शामिल है. मुलाक़ात के बाद जमीयत के स्वयंभू अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने मुसलमानों को आरक्षण देने के बारे में जल्द ही कोई ठोस फैसला करने का भरोसा दिया है. इस दावे के  बारे में अभी तक न तो प्रधानमंत्री की तरफ़ से कुछ कहा गया है और न ही सोनिया गांधी और कांग्रेस पार्टी की तरफ़ से.
पहली नज़र में यह दावा सरासर झूठा और गुमराह करने वाला लगता है. बुनियादी तौर पर हमारा संविधान धार्मिक आधार पर आरक्षण की इजाज़त नहीं देता. अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री सलमान ख़ुर्शीद भी खुले तौर पर यह बात पहले ही कह चुके हैं कि तमाम मुसलमानों को पिछड़ा घोषित करके उन्हें आरक्षण देने के  लिए लाए गए आंध्र प्रदेश सरकार के विधेयक को सुप्रीम कोर्ट ने ख़ारिज़ कर दिया था. बाद में वहां भी पिछड़े वर्गों के मुसलमानों का कोटा तय करके मामले को सुलझाया गया. अभी यह मामला भी सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है. ऐसे में बात गले नहीं उतरती कि प्रधानमंत्री ने मुस्लिम संगठनों के प्रतिनिधियों को मुसलमानों को आरक्षण देने संबंधी कोई भरोसा दिया हो. प्रधानमंत्री से मुलाक़ात करने वाले मुस्लिम संगठनों के तमाम रहनुमा भी अच्छी तरह जानते हैं कि संविधान के  मौजूदा स्वरूप के मुताब़िक मुसलमानों को धार्मिक आधार पर आरक्षण नहीं दिया जा सकता. फिर सवाल पैदा होता है कि ये लोग ऐसा हवाई दावा क्यों कर रहे हैं, जिसे पूरा ही नहीं किया जा सकता? मुसलमानों के लिए आरक्षण की मांग पर आख़िर इन संगठनों का इतना ज़ोर क्यों है? कहीं ऐसा तो नहीं कि मुसलमानों की नज़र में हीरो बनकर ये संगठन और इनके रहनुमा अपना कोई उल्लू सीधा कर रहे हों और बाद में मुसलमानों को यह समझा दें कि हमने तो मांग की थी, लेकिन सरकार ने हमारी मांग नहीं मानी तो हम क्या करें?  दरअसल, मुसलमानों के लिए आरक्षण का मुद्दा बेहद पेचीदा है. इसे समझदारी और संयम से सुलझाने की ज़रूरत है. मसलमानों को आरक्षण और रंगनाथ मिश्र आयोग की सिफ़ारिशों को लागू करने की मांगें परस्पर विरोधी हैं. रंगनाथ मिश्र आयोग मुस्लिम समुदाय की उन बिरादरियों को अनुसूचित जातियों में शामिल करने की वकालत करता है, जिनकी समकक्ष हिंदू जातियां अनुसूचित जातियों में शामिल हैं. इसके लिए हमें ज़रा इतिहास के पन्ने पलटने पड़ेंगे. अनुसूचित जातियों में अभी तक हिंदू, सिख और बौद्ध ही शामिल हैं. हालांकि अनुसूचित जाति आदेश 1950 के पैरा तीन में शुरू में लिखा गया था कि ऐसा कोई व्यक्ति अनुसूचित जाति में शामिल नहीं होगा, जो हिंदू धर्म से इतर किसी और धर्म को मानता हो, लेकिन बाद में सिखों की मांग पर 1955 में हिंदू शब्द के  साथ सिख शब्द जोड़ा गया और 1990 में नवबौद्ध शब्द जोड़ कर बौद्ध धर्म अपनाने वाले दलितों को भी अनुसूचित जाति का दर्जा देने का रास्ता साफ़ कर दिया गया. 1996 में नरसिंह राव सरकार ने एक अध्यादेश के ज़रिए ईसाई धर्म अपनाने वाले दलितों को भी अनुसूचित जातियों में शामिल करने की कोशिश की थी, लेकिन भाजपा के तीखे विरोध के चलते इस अध्यादेश को ठंडे बस्ते में डालना पड़ा. तबसे ईसाई संगठन दलित ईसाइयों को अनुसूचित जातियों में शामिल कराने की लगातार मुहिम चला रहे हैं. उन्हीं दिनों मुसलमानों में इस मुद्दे पर जागरूकता पैदा हुई. ऐसे तमाम मुसलमान जिनके  पूर्वज कभी दलित हुआ करते थे, ख़ुद को अनुसूचित जातियों में शामिल कराने के लिए आंदोलन कर रहे हैं. यह मामला सुप्रीम कोर्ट में भी विचाराधीन है. केंद्र सरकार को इस पर सुप्रीम कोर्ट में जवाब दाख़िल करना है.
दलित ईसाइयों और मुसलमानों की इसी मुहिम का नतीजा है कि सरकार ने जस्टिस रंगनाथ मिश्र आयोग को इस मसले पर विचार करके सिफ़ारिश करने का ज़िम्मा सौंपा. जस्टिस रंगनाथ मिश्र ने अपनी रिपोर्ट में साफ तौर पर कहा है कि धर्म के आधार पर मुसलमानों और ईसाइयों को आरक्षण से वंचित रखना संविधान के ख़िलाफ़ है. जस्टिस रंगनाथ मिश्र ने यह भी कहा है कि संविधान में संशोधन किए बग़ैर ही ईसाई और इस्लाम धर्म अपनाने वाले दलितों को भी अनुसूचित जातियों में शामिल किया जा सकता है. जस्टिस रंगनाथ मिश्र आयोग की स़िफारिशों पर अनुसूचित जाति आयोग भी अपनी मुहर लगा चुका है. अब यह पूरा मामला प्रधानमंत्री के हाथ में है. अगर मुस्लिम संगठन इस पर ज़ोर दें तो यह काम जल्दी हो सकता है. भाजपा और कांग्रेस को छोड़ कर तमाम राजनीतिक दल इसके  हक़ में हैं. सवाल पैदा होता है कि तमाम मुस्लिम संगठन इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री से बात क्यों नहीं करते? अभी तक एक भी मुस्लिम संगठन ने जस्टिस रंगनाथ मिश्र आयोग की स़िफारिशें लागू कराने के लिए आंदोलन छेड़ने की बात नहीं की है. अगर रंगनाथ मिश्र आयोग की सिफ़ारिशें अमल में आ जाएं तो मुसलमानों के विकास के रास्ते खुल सकते हैं. अनुसूचित जातियों को मिलने वाली तमाम सुविधाएं बेहद ग़रीब तबक़े के मुसलमानों को भी मिलने लगेंगी. यही नहीं, लोकसभा की 79 और देश भर में विधानसभाओं की उन 1050 सीटों पर चुनाव लड़ने का रास्ता भी साफ हो जाएगा, जो अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित हैं. इससे महिला आरक्षण विधेयक में मुसलमानों के लिए कोटा तय करने का मसला भी हल हो जाएगा. ताज्जुब की बात है कि इतनी अहम स़िफारिशों को छोड़ कर तमाम मुस्लिम संगठन सारे मुसलमानों को आरक्षण की बेतुकी मांग पर अड़े हैं. इसके लिए संविधान के बुनियादी ढांचे को बदलना होगा. मौजूदा समय में यह बेहद टेढ़ी खीर है. वैसे भी सारे मुसलमानों को आरक्षण की ज़रूरत नहीं है. आरक्षण की ज़रूरत स़िर्फ सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक रूप से पिछड़े मुसलमानों को है. संविधान में भी आरक्षण का यही आधार तय किया गया है. अन्य पिछड़ा वर्ग में आने वाले मुसलमान पहले से ही इस वर्ग के लिए तय 27 फ़ीसदी आरक्षण के हक़दार हैं. हां, यह और बात है कि उन्हें इस वर्ग में उतना फ़ायदा नहीं मिल पाता, जितना मिलना चाहिए, क्योंकि यहां उनका मुक़ाबला आर्थिक रूप से मज़बूत पिछड़ी जातियों से होता है. जस्टिस रंगनाथ मिश्र आयोग की स़िफारिशों पर अमल के  साथ ही इस वर्ग में आने वाली मुसलमानों की वे बिरादरियां अनुसूचित जाति में शामिल हो जाएंगी, जिनकी समकक्ष हिंदू जातियां अनुसूचित जातियों में आती हैं. लेकिन इतनी अहम सिफ़ारिशों को लागू कराने पर तथाकथित मुस्लिम नेतृत्व का कतई ध्यान नहीं है. इसके उलट वे सारे मुसलमानों के लिए आरक्षण की मांग करके  संघ परिवार को मुसलमानों के ख़िलाफ़ माहौल बनाने की वजह और ख़ुराक दोनों दे रहे हैं. ज़ाहिर सी बात है कि सारे मुसलमानों को आरक्षण देने की मांग किसी भी सूरत से देश हित में नहीं है, लेकिन तमाम मुस्लिम संगठन अगर इसी पर अड़े हैं तो इसकी कोई और वजह हो सकती है. कहीं इसके  पीछे यह वजह तो नहीं कि इन तमाम मुस्लिम संगठनों की कमान तथाकथित अगड़े मुसलमानों के हाथ में है. जस्टिस रंगनाथ मिश्र आयोग पिछड़े वर्गों के मुसलमानों के लिए आरक्षण की वकालत करता है.
(लेखक चैनल वन के मैनेजिंग एडिटर हैं)
                         http://www.chauthiduniya.com